हिंदी राजभाषा होने के साथ-साथ भारत में बोली जाने वाली एक प्रमुख भाषा है। भारत के अधिकांश निवासी और यहाँ  तक कि भारत के बाहर बसने वाले भारतवासी भी अपने दैनिक आपसी वार्तालाप, कार्य-व्यवहार में हिंदी भाषा का ही प्रयोग करते हैं। विश्व की प्रमुख पाँच भाषाओं के अंतर्गत हिंदी का अस्तित्व है, इस दृष्टि से हिंदी को लेकर विभिन्न प्रकार के कौशल सीखे और सिखाए जा सकते हैं। विद्यार्थियों के लिए हिंदी एक सामान्य भाषा होने के साथ विशेष भाषा तब बन जाती है, जब वह हिंदी के माध्यम से अपने कौशल में अभिवृद्धि करें, हिंदी के माध्यम से रोजगार के कई अवसरों को प्राप्त करें। इस दृष्टि से पाठ्यक्रम अत्यंत लाभवर्धक और उपयोगी सिद्ध होगा। हिंदी भाषा में कौशल विकास की असीम संभावनाएँ हैं और कौशल के विभिन्न आयाम जुड़े हुए हैं, जो अलग-अलग दिशाओं में देखे जा सकते हैं। पाठ्यक्रम विद्यार्थियों में लेखन, वाचन कौशल की अभिवृद्धि करने के साथ रोजगारपरक अवसर प्रदान करता है।